दिल्ली, 18 फरवरी (बु.)। किसान संगठनों के दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक रेल रोको आंदोलन के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने भी एहतियात बरतते हुए आधा दर्जन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया है। दिल्ली के तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर भारी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। प्रदर्शन की कोई सुगबुगाहट नहीं है। सीआरपी के जवान भी तैनात हैं। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पातली रेलवे स्टेशन पर रेल रोकने के लिए प्रदर्शनकारी पहुंचे हैं, जबकि पुलिस बल ने भी मोर्चा संभाल लिया है।कृषि कानूनों को रद करने की मांग को लेकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसानों का दिल्ली-एनसीआर के चारों बॉर्डर (शाहजहांपुर, सिंघु, टीकरी और गाजीपुर) पर प्रदर्शन जारी है। इस बीच बृहस्पतिवार को होने वाले रेल रोको आंदोलन को लेकर किसान संगठनों के बीच असमंजस की स्थिति नजर आ रही है। वहीं, केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने गुरुवार दोपहर बारह बजे से चार बजे तक रेल रोकने का एलान किया है। हालांकि किसान संगठनों में इसको लेकर मतभेद सामने आए हैं और सांकेतिक रूप से ट्रेन रोकने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन व रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। सिंघु, टीकरी और अन्य उन जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां प्रदर्शनकारी बैठे हुए हैं।


