बलिया, 18 फरवरी (बु.)। सांप और अजगर प्रजाति के सरीसृपों को देखकर लोगों की घिग्घी बंध जाती है। वहीं सांंपाें को देखते ही उनको मारने वालों की भी कोई कमी नहीं। ऐसे में अगर कोई घायल सरीसृप दिख जाए तो उसे मारने में और भी आसानी रहती है। लेकिन, बलिया जिले में दोकटी के दियारे में अजगर को देखकर लोगों ने उस बेजुबान अजगर की पीड़ा को न केवल महसूस किया बल्कि उसके जख्मों पर मरहम लगाने के बाद उसकी प्यास भी बुझाई। गांव के लोगों की यह मानवीय पहल पूरे क्षेत्र में ही नहीं बल्कि इंटरनेट मीडिया में भी चर्चा के केंद्र में है। बलिया जिले के दोकटी के दियारे में गुरुवार की सुबह लगभग 20 फीट लंबे अजगर को देख खेतों में काम करने वालों में खलबली मच गई। उसके शरीर पर किसी तरह की हरकत न देखकर लोग धीरे-धीरे उसके पास तक पहुंच गए। ग्रामीणों ने देखा कि अजगर की पूछ काफी झुलसी हुई है। जख्म की वजह से वह गंभीर वेदना में था। यह देखकर मर्माहत लोगों ने उसे पानी भी पिलाया और उसे सहलाने के साथ ही उसके जख्मों पर मरहम भी लगाया। अजगर की कुशलता देखकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और अजगर को वन विभाग को सौंप दिया।


