दिल्ली, 16 फरवरी (बु.)। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला साल आज पूरा हो रहा है। हालात कुछ ऐसे बने कि तीसरी पारी शुरू करते ही कोरोना की महामारी ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। चुनौती अभूतपूर्व थी, स्थितियां डरा रहीं थीं, असमंजस बढ़ रहा था, लेकिन देश के साथ दिल्ली भी जीती। सरकार की पूरी मशीनरी कोरोना पर काबू पाने में जुटी। परिस्थितियों को अनुकूल करने के लिए सरकार ने खजाना खोला। कई विकास कार्य रुके, लेकिन लोगों की जान बचाना ज्यादा जरूरी था।सरकार की तीसरी पारी का पहला साल कोरोना से जूझने में बीता-अकेले भी और केंद्र के साथ मिलकर भी। संक्रमण नियंत्रित हुआ तो अर्थव्यवस्था और विकास को पटरी पर लाने की दिशा में काम शुरू हुआ। दो फ्लाईओवरों और दो अस्पतालों का उद्घाटन किया गया और राशन की डोर स्टेप डिलीवरी व दिल्लीवासियों को हेल्थ कार्ड जारी करने की योजनाएं शुरू करने की घोषणाएं भी की गईं। ये महत्वाकांक्षी योजनाएं गहरा असर डाल सकती हैं।


