गोरखपुर, 22 फरवरी (बु.)। अभिनेत्री दीपिका सिंह ने कहा कि गोरखपुर में न सिर्फ मेट्रो सिटी जैसी सुविधाएं हैं, बल्कि शहर की सड़कें चौड़ी और साफ-सुथरी भी दिख रही हैं। बाबा गोरखनाथ का भव्य मंदिर एवं नौकायन-जेटी जैसा पिकनिक स्पाट देखकर बहुत खुशी हुई। यह सब यहां के ऊर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से संभव हुआ है। पोद्दार टेक्सटाइल द्वारा होटल रेडीसन ब्लू आयोजित दो दिवसीय भव्य वस्त्र प्रदर्शनी एवं फैशन फिएस्टा में शिरकत करने आईं दीपिका रविवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। कहने को तो मैं यहां एक इवेंट में आईं हूं, लेकिन लग रहा है कि पारिवारिक कार्यक्रम में हूं। अभिनेत्री ने कहा कि कोरोना से उबरकर देश की अर्थव्यवस्था तेजी से पटरी पर आ रही है। उम्मीद नहीं थी कि इवेंट इतनी जल्दी शुरू हो जाएंगे।गोरखपुर के कारोबारी माहौल है। यह टेक्सटाइल हब बनने की पूरी अर्हता रखता है। पत्रकारवार्ता में दीपिका का स्वागत करते हुए पोद्दार टेक्सटाइल के विनीत पोद्दार ने कहा कि फैशन शो और प्रदर्शनी में गोरखपुर व आसपास के जिलों के अलावा बिहार तक के व्यापारी बंधु यहां आए हैं। पूर्वांचल का पहला ऐसा शो है, जहां निमंत्रित लोगों की 95 फीसद से अधिक उपस्थिति है। महेश पोद्दार ने बताया कि इस फैशन फिएस्टा में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत किया है। गोरखपुर की एकमात्र ऐसी व्यापारिक प्रदर्शनी है जिसमें उत्पादक और विक्रेता दोनों का मिलन एक ही जगह पर हो रहा है।


