आजमगढ़, 11 फरवरी (बु.)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मो. आलम पुत्र कुतुबुद़दीन की गाेली मारकर हत्या कर दी गई। वह दिव्यांग होने के कारण स्कूटी से चलते थे। गुरुवार की दोपहर में दो बजे बाजार से घर लौट रहे थे कि आजमगढ़-जीयनपुर मुख्य मार्ग से उनके गांव अशरफपुर जाने वाले रास्ते पर दो सौ मीटर अंदर घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। यह स्पष्ट नहीं हो सका है, कि हमलावर कितनी संख्या में थे और किस वाहन से आए थे। वारदात की वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसपी सुधीर कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए थे। क्राइम सीन देखने एवं परिजनों से बातचीत के बाद पुलिस वारदात की जड़ें तलाशने में जुट गई है। दिनदहाड़े हुई वारदात से पुलिस की साख पर फिर से बड़ा सवाल उठा है। वारदात की भनक लगते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।


