लखनऊ, 29 नवम्बर (बु.) । चारबाग रेलवे स्टेशन पर बिना मास्क घूम रहे यात्रियों पर अब रेलवे के स्क्वायड की नजर रहेगी। बे-टिकट यात्रियों को पकड़ने वाले स्पेशल चेकिंग स्क्वायड को अब बिना मास्क वाले यात्रियों से जुर्माना वसूलने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही एक्सेस फेयर टिकट (ईएफटी) से टीसी भी जुर्माना वसूल सकेंगे। दरअसल कोरोना काल मे ट्रेनों का संचालन तो शुरू हो गया है लेकिन अब भी कई यात्री कोविड-19 के मानकों का पालन ही नहीं कर रहे हैं। इसके चलते चारबाग स्टेशन और लखनऊ जंक्शन आने वाले कई यात्री मास्क ही नहीं लगाते हैं। रेलवे ने अब अपने स्टेशनों पर ट्रेन आने से पहले इसकी उद्घोषणा भी शुरू कर दी है। लेकिन जब कुछ यात्रियों के मास्क न पहनने के मामले सामने आए तो रेलवे ने अपनी एक व्यवस्था भी लागू कर दी। इस समय बिना कन्फर्म टिकट के यात्रा की अनुमति नहीं है। जिस कारण टिकट चेकिंग स्टाफ खाली है।


