यूपी में यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ख़ाकी वर्दी की जगह 5 हज़ार यूपी पुलिस को ट्रैफिक पुलिस की पेंट शर्ट पहनाने का फैसला किया गया है। इनमें इंस्पेक्टर से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के पुलिसकर्मी शामिल होंगे। डीजीपी मुख्यालय लखनऊ ने निर्देश देते हुए कहा है कि जो जिस जिले मे है उसको उसी जनपद में फ़िलहाल ट्रैफिक पुलिस में स्थानान्तरित कर दिया जाएंगा। इसमें जिलें स्तर पर पुलिसकर्मियों की संख्या का निर्धारण भी किया जा रहा है।
दरअसल ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। हर साल ऐसे प्रस्ताव आते रहते हैं। यातायात निदेशालय की तरफ से डीजीपी मुख्यालय भेजे जाने वाले ऐसे प्रस्तावों पर जनशक्ति की कमी के कारण फैसले नहीं हो पाते हैं। पुलिस में नई भर्तियों के बाद अब 5 हज़ार पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक कार्य में लगाने पर सहमति बनी है। कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी और बढ़ गई है। कहीं-कहीं उन्हें मास्क की चेकिंग और कोरोना संबंधी सरकार के अन्य दिशा-निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी भी दे दी जा रही है। वे कोरोना जांच के लिए लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। ट्रैफिक सिगनल तोड़ने तथा हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने जैसे मामलों में कार्रवाई की जिम्मेदारी पहले से है। शहरों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की भूमिका दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही है।


