गोरखपुर, 30 नवम्बर (बु.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से पूरे प्रदेश में पंचायती राज विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाइ) के तहत हाट मिक्स से बनने वाले संपर्क मार्गों एवं सड़कों का शिलान्यास किया। जनपद में जिला पंचायत द्वारा बनाये जाने वाले 21 संपर्क मार्गों का शिलान्यास किया गया। इन संपर्क मार्गों को बनाने पर तीन करोड़ रुपये की लागत आ रही है। वर्चुअल शिलान्यास के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित एनआइसी भवन में जिले के जनप्रतिनिधि एवं मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद नहीं रहीं। वहीं मुख्यमंत्री ने पांच जनपदों के जिला पंचायत अध्यक्षों से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री ने पंचायतों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि जिला पंचायतें दो महीने के बचे कार्यकाल में कुछ ऐसा करके दिखाएं, जिससे उन्हें लोग दोबारा भी पसंद करें।



