गोरखपुर, 28 नवंबर ( बु )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीता प्रेस के ट्रस्टी देवी दयाल अग्रवाल और उत्पाद प्रबंधक लाल मणि तिवारी को अयोध्या के राम मंदिर परिसर में गीताप्रेस का शोरूम स्थापित करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि अयोध्या प्रशासन को इस बाबत अनुरोध पत्र भेज दें जिससे अग्रिम कार्यवाही की जा सके। वह गीताप्रेस की मदद करेंगे।ट्रस्टी देवीदयाल अग्रवाल और उत्पाद प्रबंधक लालमणि तिवारी ने कल्याण पत्रिका भेजने के लिए डाकघर द्वारा लिए जा रहे हैंडलिंग चार्ज को खत्म कराने की अपील की। आपको बता दें कि लगभग आठ से 10 हजार प्रतियां एक दिन में रजिस्ट्री या बुकपोस्ट से भेजी जाती हैं। डाकघर भी गीता प्रेस के परिसर में ही है लेकिन उसके पास न तो इतना स्थान है और न कर्मचारी कि वह अपने पास पत्रिका को रख सके। गीता प्रेस ने डाक विभाग की मदद के लिए परिसर में अतिरिक्त स्थान और संसाधन उपलब्ध कराया है। जिसके लिए संचार मंत्री को पत्र भी लिखा गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। गीता प्रेस के ट्रस्टी और उत्पाद प्रबंधक ने मुख्यमंत्री को बताया कि किताबों के प्रकाशन की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पांच करोड़ रुपये की एक मशीन जापान से आयात की जा रही है। यह मशीन चार रंग में पत्रिकाओं और पुस्तकों का प्रकाशन करेगी। मुख्यमंत्री से मशीन के उद्घाटन के लिए जनवरी का समय मांगा गया। जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें यह कार्यक्रम मकर संक्रांति के आसपास रखने की सलाह दी।


