मथुरा, 5 मई (बु.)। कई दिनों से अपने घर जाने की कोशिश में लगे प्रवासी मजदूर केंद्र सरकार की रियायत मिलने के बाद मध्य प्रदेश में अपने घर जाने के लिए निकले लेकिन मथुरा में सड़क हादसे का शिकार हो गए। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सोमवार रात भीषण हादसा हो गया। मगोर्रा थाना क्षेत्र के गांव उमरी के पास ट्रक और टेंपो की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। लॉकडाउन के बीच हुए भीषण सड़क हादसे से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले मजदूर यहां मेहनत-मजदूरी करने आए थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण फंस गए। ये सभी अपने घर जाने के लिए परेशान थे। इन मजदूरों को जाजन पट्टी चौराहे से मध्य प्रदेश जाने के लिए बस उपलब्ध होने की सूचना मिली थी। आठ मजदूर मथुरा से किराये पर टेंपो लेकर जाजन पट्टी जा रहे थे। लेकिन मथुरा में एक डीसीएम ने टेम्पो में टक्कर मार दी जिससे यह हादसा हुआ।
इससे पहले, ओडिशा में कोरोना लॉकडाउन के दौरान तेलंगाना में फंसे प्रवासी मजदूरों को ला रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में बस ड्राइवर की मौत हो गई जबकि 2 अन्य लोग घायल हो गए थे। यह हादसा मंगलवार सुबह ओडिशा के खुर्दा जिले में NH 16 पर कुहुंडी के पास हुआ है।
तीसरी घटना 3 मई की है जब गुजरात के सूरत से प्रवासी मजदूरों को लेकर वापस आ रही बस ओडिशा के गंजाम और कंधमाल की सीमा पर कलिंगा घाट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में बस के चालक समेत पांच लोग घायल हो गए थे।


