मोरना, 6 मई (बु.)। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा के युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने पर दम घुटने से आया है जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कम्हेडा से बीते एक मई को 19 वर्षीय विनीत घर से गायब हो गया था। परिजनों सभी संभावित जगहों पर तलाश करने के बाद पिता समंद्र सैन ने बीते सोमवार को थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अनहोनी की आशंका जताई थी। देर शाम को विनीत का शव मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव भुम्मा के पास गंगनहर में तैरता मिला था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया था। बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण पानी में डूबने पर दम घुटने से आया है। प्रभारी निरीक्षक ककरौली विजय बहादुर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।


