20.5 C
Muzaffarnagar
Thursday, March 19, 2026

पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला और 5 पुलिसकर्मियों पर FIR, एक डीएसपी हुआ सस्पेंड

संगरूर, 5 मई (बु.)। कोरोना के चलते जारी लॉकडाउन के बीच फायरिंग रेंज में जाकर पंजाबी गायक का राइफल के साथ शूटिंग करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। डीएसपी के निलंबन के बाद अब मामले में दोषी 5 पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरी है। एक सब इंस्पेक्टर, 2 हेड कांस्टेबल और 2 कांस्टेबल पर केस दर्ज किया गया है। सभी पुलिसकर्मी संगरूर जिले में तैनात थे और अभी जांच जारी है।

दरअसल पूरे पंजाब में कोरोना के चलते कर्फ्यू लगाया गया है। इसी बीच राइफल के साथ शूटिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद विवादित पंजाबी पॉप गायक सिद्धू मूसूवाला और पांच पुलिसकर्मियों पर पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता के निर्देश के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बरनाला पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने इसी मामले में दलजीत सिंह विर्क (डीएसपी मुख्यालय, संगरूर) को भी तत्काल निलंबित करने का आदेश भी दिया। डीसीपी पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है।

वीडियो के वायरल होने के बाद डीजीपी ने संगरूर के एसएसपी को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया था जिसमें यह बात सामने आ रही है कि डीएसपी दलजीत सिंह विर्क ने कोरोना की वजह से पूरे राज्य में लगे कर्फ्यू के बावजूद बादबर गांव की शूटिंग रेंज में शूटिंग करने की अनुमति दे दी थी। विभागीय जांच में यह बात सामने आई कि डीएसपी दलजीत इस पूरे प्रकरण में दोषी हैं। उनके साथ-साथ अन्य दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।

आरोपी गायक सिद्धू के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के अंतर्गत क्रिमिनल केस और आपदा प्रबंधन अधिनियम के सेक्शन 51 के तहत मामला (एफआईआर नंबर 57/4 मई, 2020) दर्ज किया गया है। यह केस बरनाला जिले के एक पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

 

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles