नई दिल्ली, 5 मई (बु.)। दिल्ली में कोरोना संकट के बीच पहले शराब और फिर पेट्रोल डीजल के बढ़ाए गए दामों को लेकर सांसद गौत गंभीर ने सवाल खड़ा कर दिया है। पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी पर गंभीर ने केजरीवाल सरकार को चुनाव से पहले के वादे याद दिलाए हैं।
केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद गौतम गंभीर ने ट्वीट किया। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि चुनाव से पहले ‘सबकुछ मुफ्त में देंगे, पैसे की कमी नहीं है…2 महीने बाद दोगुना टैक्स लेंगे, तन्ख्वाह के भी पैसे नहीं हैं. ये है आप का बेजोड़ अर्थशास्त्र’।
लॉकडाउन 3.0 शुरू होने के बाद दिल्ली सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम में बड़ी बढ़ोतरी की है। पेट्रोल और डीजल में वैट बढ़ाने का फैसला लिया गया, जिसके बाद पेट्रोल 1.67 रुपये और डीजल 7 रुपये महंगा हो गया। यानी कोरोना संकट के बीच जनता पर महंगाई की मार भी पड़ी है। इससे पहले सरकार ने शराब के दामों में भी 70 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी थी।
लॉकडाउन के चलते रेवेन्यू कम रहा, जिसके चलते अब सरकार भरपाई करने में जुटी है लेकिन दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के इस फैसले से भारतीय जनता पार्टी को निशाना साधने का मौका मिल गया। बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने ट्वीट कर लिखा कि ये आप का बेजोड़ अर्थशास्त्र है।


