लखनऊ, 17 अप्रैल (बु.)। कोरोना संक्रमण के चलते घोषित लॉकडाउन के बीच योगी सरकार ने बड़ा बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी कार्यालय खोलने का फैसला लिया है। तमाम पाबंदियों के साथ यूपी में 20 अप्रैल से सभी सरकारी कार्यालय खोले जाएंगे।
योगी आदित्यनाथ ने आज इस बाबत आदेश जारी किया है। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी के निर्देश के अनुसार इस दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। सोमवार से ऑफिस में विभागाध्यक्ष के साथ ही समूह क तथा ख के कर्मचारी आएंगे। इस दौरान विभाग के सिर्फ 33 प्रतिशत कर्मियों को बुलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर समूह ग तथा घ के कर्मियों को भी बुलाया जा सकता है। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखने के भी निर्देश दिए हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण काल में अभी पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, अग्निशमन के साथ स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, कारागार तथा नगर निकाय बिना किसी प्रतिबंध के अपना काम करते रहेंगे।
रोस्टर के अनुसार घर से कार्य सम्पादित कर रहे सभी कर्मी अपने मोबाइल एवं इलेकट्रॉनिक साधनों से कार्यालय के सम्पर्क में रहेंगे। जिससे कि जरूरत पड़ने पर उनको कार्यालय बुलाया जा सके। जिला प्रशासन भी इस दौरान ट्रेजरी के काम के लिए कर्मियों को शासकीय कार्य के लिए नियोजित करे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के राज्य रेजीडेंट कमिश्नर कार्यालयों को भी कोविड-19 के संबंध में तथा कम्युनिटी किचेन संचालन के लिए प्रतिबंधों के साथ खोला जाएगा।


