लखनऊ, 16 अप्रैल (वार्ता)। कोरोना के चलते देशभर में लॉकडाउन घोषित है इसलिए एहतिआतन सभी शिक्षण संस्थान बंद हैं। स्कूलों के बंद होने के चलते बच्चों की पढ़ाई में बाधा न आए इसके लिए सरकार ने एक फैसला लिया है। यूपी के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा और व्यवसायिक शिक्षा की परीक्षाओं को लेकर निर्देश दिए गए हैं। निर्देश के मुताबिक लॉक डाउन खत्म होने के 3 सप्ताह बाद परीक्षाएं शुरू होंगी। बैठक में जून और जुलाई के प्रथम सप्ताह में रिजल्ट जारी करने पर विचार हुआ। बेसिक, माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक और व्यवसायिक शिक्षा के अपने शिक्षित चैनल बनाए जाने पर भी विचार किया गया। बैठक में एकेटीयू वीसी विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई। महानिदेशक बेसिक शिक्षा विजय किरण आनंद समेत 5 अफसरों की गठित कमेटी 1 सप्ताह में शैक्षिक चैनल को लेकर अपनी रिपोर्ट देगी। सत्र को नियमित करने के लिए क्लास की अवधि बढ़ाए जाने पर भी विचार किया गया। कोर्स पूरा करने के लिए ग्रीष्म और शीतकालीन अवकाश को कम करने पर भी विचार हुआ।


