मोरना, 16 अप्रैल (बु.)। लॉकडाउन के दौरान खाद्य सामग्री की कीमतें आसमान छूने लगी हैं, जिससे आम आदमी की परेशानी बढने लगी हैं। रोजगार के बन्द हो जाने व जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ जाने से अब रसोई पर लॉकडाउन की आशंका की बात गृहणियों ने बताई है।
सामान की कमी का हवाला देकर चतुर व्यापारियों ने आम जरूरतों की वस्तुओं की कीमतों को डेढ गुना तक बढा दिया है। मोरना, भोपा, भोकरहेडी के बाजारों में महंगाई आसमान छूने लगी हैं। उडद, चना, मसूर, अरहर, मूंग, राजमा, छोले व सरसों का तेल, रिफाइन्ड, बेसन, सूजी, चीनी, चायपत्ती व मिर्च मसाले, साबुन, सर्फ आदि जरूरी इस्तेमाल की वस्तुओं के दाम प्रति किलो बीस से तीस रूपये तक बढा दिये गये हैं। ग्रहणियों ने बताया कि एक तरफ आमदनी नहीं है। दूसरी तरफ महंगाई की मार है। लॉकडाउन तो अब रसोई पर भी लग जायेगा। व्यापारियों ने बताया कि उत्पादन बन्द हो जाने से आपूर्ति में कमी निश्चित है। थोक भाव में वृद्धि हो रही है इसलिए वह रीटेल भाव बढाने को मजबूर हैं। दूसरी तरफ ग्रामीणों का आरोप है कि सामान लगातार दुकानों तक आ रहा है किन्तु स्टॉक कर कीमतें बढाई जा रही हैं। भोकरहेडी में कुछ व्यापारी मौके का फायदा उठाकर कीमतें बढा रहे हैं। ग्रामीणों ने स्टॉक करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है।


