नई दिल्ली, 17 अप्रैल (वार्ता)। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 13,387 हुई है। कोरोना से अब तक 437 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे 23 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना केस बढ़ने में 40 फीसदी की कमी आई है। कोरोना संक्रमित 13.6 फीसदी मरीज ठीक हुए हैं। देश में कोरोना के 80 फीसदी मरीज ठीक हो रहे हैं।
सबसे ज्यादा 3202 मामले महाराष्ट्र में है, यहां 194 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राजधानी दिल्ली में अब तक 1640 मामले सामने आ चुके हैं और 38 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में दो दिनों तक नए मामलों में कमी के बाद गुरुवार को फिर से उछाल देखा गया है। दिल्ली में 24 घंटे में 62 नए मामले सामने आए जबकि 6 लोगों की मौत हुई।
देश के लिए एक भी मौत चिंता का विषय है। हमें हर मोर्चे पर कोरोना से लड़ना है। हमारी कोशिश तेजी से काम करने की है। देश में एंटी बॉडीज पर काम हो रहा है। प्लाज्मा तकनीकी से इलाज पर काम कर रहे हैं। मई तक 10 लाख रैपिड किट बना पाएंगे। एंटी वायरल ड्रग पर भी काम जारी है।


