नई दिल्ली, 16 अप्रैेल (बु.)। कोरोना संकट के बीच आईपीएल का 13वां सीजन बीसीसीआई ने अगली सूचना तक सस्पेंड कर दिया है। भारत में लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया है जिसके चलते दुनिया की सबसे अमीर टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन मुश्किल हो रहा है।
बीसीसीआई को अभी IPL के लिए कोई नई विंडो नहीं मिल रही है। इससे पहले बीसीसीआई ने आईपीएल को 15 अप्रैल तक स्थगित किया था इस उम्मीद में कि अगर हालात सुधरते हैं तो कोई उपयुक्त विंडो देखकर टूर्नामेंट को आयोजित किया जा सके लेकिन लॉकडाउन के 3 मई तक बढ़ने से सभी संभावनाएं खत्म हो गई।
BCCI ने अपने बयान में कहा, ‘देश का स्वास्थ्य और उसकी सुरक्षा हमारे लिए पहली प्राथमिकता है। बीसीसीआई फ्रेंचाइजी मालिकों, ब्रॉडकास्टर, प्रायोजकों और सभी हितधारकों के साथ स्वीकार करता है कि आईपीएल 2020 का सीजन केवल तभी शुरू होगा जब हालात बेहतर होंगे।’ बीसीसीआई ने कहा, ‘बोर्ड अपने सभी हितधारकों के साथ घनिष्ठ साझेदारी में स्थिति की निगरानी और समीक्षा करना जारी रखेगा और भारत सरकार, राज्य सरकारों और अन्य राज्य नियामक संस्थाओं से मार्गदर्शन लेना जारी रखेगा।’


